उत्तराखण्ड : 11 प्रत्याक्षियों की दूसरी सूची जारी, जानिये किस सीट पर कौन होगा प्रत्याक्षी।

मीडिया ग्रुप, 25 जनवरी, 2022

देहरादून। कांग्रेस ने सोमवार को शेष रह गए 17 में से 11 प्रत्याशियों की दूसरी सूची घोषित कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत का टिकट भी पार्टी ने तय कर दिया है। वह नैनीताल जिले की रामनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। दूसरी सूची में पार्टी ने आश्चर्यजनक तरीके से छह नए चेहरों पर दांव खेला है। तीन महिलाओं को टिकट दिया गया है।

हाल ही कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं रावत को उनकी पसंदीदा लैंसडौन सीट से टिकट दिया गया है। अब छह सीटों सल्ट, टिहरी, नरेंद्रनगर, चौबट्टाखाल, हरिद्वार ग्रामीण और रुड़की पर पार्टी प्रत्याशी घोषित होने शेष हैं।

कांग्रेस ने प्रदेश की 70 में 53 सीटों पर प्रत्याशियों की सूची बीती 23 जनवरी को घोषित की थी। दो दिन इंतजार के बाद पार्टी सभी 17 सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई। दिल्ली में सोमवार देर शाम सीईसी की वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह वर्चुअली शामिल हुए। बैठक में 11 प्रत्याशी तय किए गए। पार्टी ने प्रदेश में चुनाव अभियान की बागडोर संभाल रहे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के चुनाव लड़ने को लेकर स्थिति साफ कर दी।

पार्टी ने हरीश रावत को उनकी पसंद की रामनगर सीट से ही प्रत्याशी बनाने का निर्णय किया। अब यह प्रदेश की सबसे हाट सीट बन गई है। इस सीट पर निर्णय लेने में पार्टी को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दरअसल, इस सीट पर भी उनके मुख्य सिपहसालार रहे व अब धुर विरोधी प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत भी पुरजोर दावेदारी कर रहे थे। रणजीत इस सीट पर दावा छोड़ने को तैयार नहीं थे। आखिरकार पार्टी हाईकमान ने इस मामले में हरीश रावत का साथ दिया।