उत्तराखंड : भाजपा का 20 सीटों पर टिकट को फसा पेच, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज लेंगे फैसला।

मीडिया ग्रुप, 19 जनवरी, 2022

उत्तराखंड में भाजपा प्रत्याशियों की सूची के लिये भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक आज दिल्ली में होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा होंगे शामिल होंगे।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा बुधवार देर रात या गुरुवार तक अपने प्रत्याशियों का एलान कर सकती है। बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में उत्तराखंड से भेजे गए नामों के पैनल पर मंथन होगा।

इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी भाग लेंगे।

प्रदेश भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी बैठक में शिरकत करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक के मुताबिक, पार्टी के कोर ग्रुप और चुनाव समिति में विचार-विमर्श के बाद प्रदेश से केंद्रीय संगठन को सभी 70 विधानसभा सीटों पर पैनल तैयार करके भेजे जा चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, 15 जनवरी को प्रदेश मुख्यालय में हुई चुनाव समिति की बैठक में करीब 50 नामों पर पार्टी की सहमति बन चुकी है। शेष 20 विधानसभा सीटों पर भेजे गए पैनल में तीन से अधिक नाम भी बताए जा रहे हैं।

केंद्रीय नेतृत्व को भेजे गए पैनल पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में एक बैठक हो भी चुकी है। इस बैठक में पैनल में भेजे गए नामों के कद और उनके जिताऊ होने की संभावना पर गंभीरता से विचार किया गया।

अब बुधवार को सुबह केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक में उत्तराखंड से भेजे गए नामों पर विधानसभा वार चर्चा होगी। बकौल कौशिक, कोई जरूरी नहीं कि पार्टी चरणों में प्रत्याशियों की सूची जारी करे। उनके मुताबिक, पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक साथ भी प्रत्याशी घोषित कर सकती है।