ऊधमसिंह नगर : खटीमा में हाथी ने ग्रामीण को पटक कर मर डाला।

मीडिया ग्रुप, 03 जनवरी, 2022

खटीमा। चटियाफॉर्म के ग्रामीण को हाथी ने हमला कर मार डाला जिससे मृतक के घर मे कोहराम मच गया। जंगल में मवेशियों के लिए दो महिलाओं के साथ घास लेने गए ग्रामीण के सामने अचानक हाथी आ गया। महिलाएं पीछे चल रहीं थीं। इस दौरान हाथी ने ग्रामीण को सूंड में लपेट लिया। यह देखकर पीछे चल रहीं महिलाएं डरकर वहां से भागकर गांव आ गईं।

उन्होंने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीण समूह में जब घटना स्थल की ओर गए तब तक हाथी वहां से चला गया था। मौके पर ग्रामीण का शव पड़ा था। ग्रामीण की मौत के बाद से स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया।

ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा आलावृद्घि चटियाफार्म निवासी 55 वर्षीय उमेद सिंह बोरा पुत्र स्व.तेज सिंह रविवार की सुबह गांव की दो महिलाओं के साथ किलपुरा रेंज के जंगल से जानवरों के लिए घास लेने गए हुए थे।

बताते हैं कि जंगल में वह आगे चल रहे थे। इसी दौरान पश्चिमी किलपुरा प्लाट संख्या 14 में अचानक एक हाथी उनके सामने आ गया। हाथी ने उमेद सिंह को अपनी सूंड में लपेट कर पटक दिया। यह देख दोनों महिलाएं वहां से भाग निकलीं। उन्होंने गांव पहुंचकर अन्य ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उमेद बोरा मृत अवस्था में पड़े हुए हैं। जबकि हाथी वहां से जा चुका था। सूचना पर वन कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टामार्टम कराया। किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी जीवन चंद्र उप्रेती ने बताया कि जल्द ही मृतक के स्वजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।