ऊधमसिंह नगर : रूद्रपुर में मनीष सिसौदिया ने व्यापारियों के साथ कि बैठक।

मीडिया ग्रुप, 20 दिसंबर, 2021

रूद्रपुर। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने रविवार को शहर के होटल रूद्रा कांटीनेंटल में व्यापारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को दिल्ली सरकार की उपलब्धियां गिनाई और प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर व्यापारियों के कल्याण के लिए काम करने का वायदा किया।

इस दौरान मनीष सिसौदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में व्यापारियों के सम्मान की रक्षा के लिए तत्पर है। उत्तराखण्ड में सरकार बनने पर दिल्ली की नीतियों को यहां भी लागू किया जायेगा। व्यापारियों के कारोबार को बढाने के साथ साथ बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए भी धरातल पर काम किये जायेंगे।

सिसौदिया ने कहा कि भाजपा सरकार में व्यापारी टैक्स की मार से उबर नहीं पा रहा है। यही वजह है कि आज दिल्ली में व्यापारी भाजपा को भूल चुका है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार चोबीस घंटे बिजली दे रही है। दिल्ली में इनवर्टर और जेनटरेटर गायब हो चुके है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर सिर्फ जनता को छला है।

उत्तराखंड की धरती से अब भाजपा व कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। सिसोदिया ने कहा कि आज उत्तराखंड में स्कूलों व अस्पतालों की हालत खराब है ।बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है। महिलाओं की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। स्तर सालों में समस्यायें जस की तस हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सत्ता में आते ही प्रदेश को शिक्षा का हब बनाएंगे। महिलाओं को एक हजार रुपए दिए जायेंगे। प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। बेरोजगारों को पांच हजार रुपए भत्ता दिया जाएगा। बिजली, पानी मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के मुखिया ने 1200 घोषणाएं की। लेकिन धरातल पर मात्र सौ घोषणाएं पूरी हुई।

मनीष सिसौदिया ने व्यापारियों से संवाद के बाद पेंशनर्स से भी मुलाकात की। इस दौरान कई लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता भी ली। इस अवसर पर काशीपुर के आप नेता दीपक वाली, जरनैल सिंह काली, अजय जायसवाल, हितेश मोहरिया, शिशुपाल रावत, मुकेश चावला, मुकीम कुरैशी आदि सहित तमाम लोग मौजूद थे।