उधमसिंह नगर में बड़ा हादसा टला, स्कूली बच्चों से भरी स्कूल बस धान के खेत में धंसी

रिपोर्ट : राजीव कालड़ा

उधमसिंह नगर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। छुट्टी के बाद 40 स्कूली बच्चों को लेकर जा रही निजी स्कूल की बस काशीपुर-खोखरा मंदिर मार्ग पर अनियंत्रित होकर धान के खेत में धंस गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और सभी बच्चे सुरक्षित रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बच्चों को लेकर काशीपुर की ओर से आ रही थी। इसी दौरान सामने से एक ट्रैक्टर आ गया। ट्रैक्टर को रास्ता देने के लिए चालक ने बस को सड़क किनारे की ओर दबाया। इसी दौरान कच्ची जमीन होने के कारण बस का अगला पहिया धान के खेत में धंस गया और बस का अगला हिस्सा नीचे बैठ गया।

अचानक लगे झटके से बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

बस के खेत में फंसने के कारण बच्चे सड़क पर ही इंतजार करते रहे। कुछ बच्चे पैदल अपने घरों की ओर निकल गए, जबकि कुछ खोखरा मंदिर के पास बस निकलने का इंतजार करते रहे। बाद में ट्रैक्टर की मदद से बस को खेत से बाहर निकाला गया और बच्चों को दूसरे वाहन से उनके घर भेजा गया।