रुद्रपुर: सड़क किनारे बेसुध मिले व्यक्ति की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

रूद्रपुर। बुधवार की देर सायं किच्छा मार्ग पर बगवाड़ा के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति लावारिस हालत में बेसुध पड़ा पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके प पहुंचकर उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान रम्पुरा निवासी विजय कोली के रूप में की गई जो पल्लेदारी का काम करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार विजय कोली पिछले कई वर्षों से रम्पुरा में परिवार सहित रहता था और पल्लेदारी कर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। उसकी पत्नी माया देवी ने बताया कि विजय रोज की तरह बुधवार की प्रातः काम के लिए घर से गया था और वापस नहीं लौटा। उसने बताया कि रात्रि करीब 8 बजे उसे सूचना दी गई कि उसके पति का शव बगवाड़ा में बरामद हुआ है। जिससे उस पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। उसकी एक पुत्र व एक पुत्री है। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा रहा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पता चल सकेगा।