रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अभिषेक का भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति अस्पताल पहुंचकर हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से अभिषेक के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उसके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि बीते दिनों काशीपुर रोड फ्लाईओवर के पास कार और स्कूटी की टक्कर में स्कूटी सवार अभिषेक वाल्मीकि समेत दो युवक घायल हो गए थे। हादसे में अभिषेक को गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली के भोजीपुरा स्थित श्री राम मूर्ति अस्पताल रेफर किया गया था।
वर्तमान में अभिषेक की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने चिकित्सकों से उसके उपचार की प्रगति और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने अभिषेक के परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। ठुकराल ने ईश्वर से अभिषेक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
