रुद्रपुर। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने वाले पर्यावरण मित्रों के लिए नगर निगम ने विशेष पहल की है। नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों को ग्लूकोज के पैकेट और धूप से बचाव के लिए कैप वितरित की।
इस मौके पर महापौर ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम परिवार का महत्वपूर्ण और अभिन्न हिस्सा हैं। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में उनकी भूमिका सबसे अहम है। मौसम चाहे कोई भी हो, पर्यावरण मित्र पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनकी सुविधाओं और स्वास्थ्य का ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गर्मी अपने चरम पर है और तेज धूप के बीच पर्यावरण मित्र सुबह से ही फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे में शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी न हो, इसके लिए ग्लूकोज उपलब्ध कराया गया है। साथ ही धूप से बचाव के लिए कैप भी वितरित की गई हैं।
महापौर ने पर्यावरण मित्रों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने में पर्यावरण मित्रों का सबसे बड़ा योगदान है। उनकी मेहनत और सेवा भावना के कारण ही शहर स्वच्छता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम पर्यावरण मित्रों के हितों और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहेगा। उनकी समस्याओं के समाधान, बेहतर कार्यस्थल सुविधाओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने पर्यावरण मित्रों को स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण का सच्चा प्रहरी बताया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय, राजू नबियाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, सीएमएम मनोज कर्नाटक, सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष सोनू मुल्तानी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
