गदरपुर: सेना में लेफ्टिनेंट बने रोहित कंबोज और दुष्यंत तेजवानी का सम्मान, जरूरतमंदों को बांटा राशन

रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह

गदरपुर। सिख मिशनरी कॉलेज लुधियाना की गदरपुर इकाई द्वारा गुरुद्वारा सिंह सभा परिसर, गदरपुर में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने रोहित कंबोज और दुष्यंत तेजवानी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस को समर्पित था।

अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट रोहित कंबोज और लेफ्टिनेंट दुष्यंत तेजवानी ने कहा कि वे कड़ी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से इस मुकाम तक पहुंचे हैं तथा देश सेवा के लिए स्वयं को पूर्ण रूप से समर्पित करेंगे।

कार्यक्रम आयोजक देवेंद्र सिंघ ने कहा कि दोनों युवा अधिकारियों को सम्मानित करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट रोहित कंबोज, पुत्र श्री ताराचंद, निवासी ग्राम सकैनिया तथा लेफ्टिनेंट दुष्यंत तेजवानी, पुत्र श्री राजकुमार सिंह सिंधी, पौत्र स्वर्गीय छब्बल दास सिंधी, निवासी गदरपुर को स्मृति चिन्ह एवं सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों युवाओं ने अपने परिवार, क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने आर्थिक रूप से कमजोर 30 जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री वितरित कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। वहीं सिख मिशनरी कॉलेज द्वारा समाज कल्याण कार्यों के अंतर्गत पिछले 20 वर्षों से संचालित सिलाई प्रशिक्षण शिविर के तृतीय सत्र की 15 बालिकाओं को भी सूट भेंट कर सम्मानित किया गया।

वर्तमान में वार्ड नंबर-10, आजाद नगर, थाना परिसर के सामने संचालित सिलाई प्रशिक्षण शिविर में 48 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। संस्था की ओर से उन्हें निःशुल्क कपड़ा एवं सिलाई मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में डॉ. देसराज कंबोज, सुरेंद्र सिंह ग्रोवर, राजकुमार सिंधी, हरविंदर सिंह ग्रोवर, इंद्रजीत सिंह ग्रोवर, दलजीत सिंह, कुलदीप सिंह रिंकू नामधारी, मन्नू नामधारी, ज्ञान सिंह, मुकेश पाल, डॉ. अरुण नागपाल, परमजीत कौर, शाहीन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में गुरुद्वारा सिंह सभा गदरपुर की प्रबंधक कमेटी ने भी लेफ्टिनेंट रोहित कंबोज और लेफ्टिनेंट दुष्यंत तेजवानी को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।