उत्तराखंड में विदेश भेजने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, रुद्रपुर समेत प्रदेश के 14 एजेंट और एजेंसियां विदेश मंत्रालय की रडार पर
उत्तराखंड में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले कबूतरबाजों पर अब विदेश मंत्रालय ने बड़ा एक्शन लिया है। मंत्रालय ने राज्य में सक्रिय 14 एजेंटों और कंपनियों को चिन्हित करते हुए उनकी सूची अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दी है। आरोप है कि ये एजेंसियां विदेश भेजने का सपना दिखाकर युवाओं से मोटी रकम वसूल रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, कई युवक इन एजेंसियों के झांसे में आकर विदेश पहुंचे, जहां उन्हें नौकरी और सुविधाओं के बजाय दर-दर की ठोकरें खानी पड़ीं। शिकायतें बढ़ने के बाद विदेश मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लिया और संदिग्ध एजेंसियों की सूची जारी की।
सूची में शामिल एजेंसियों और एजेंटों में काशीपुर की इनफीवे इमीग्रेशन आईलेट्स, रुद्रपुर की अब्रॉड जॉब वाला और गैलेक्सी ओवरसीज, रुड़की की केजी एंटरप्राइज, ऋषिकेश की विमरो इंटरनेशनल समेत कई नाम शामिल हैं। इसके अलावा रामनगर, हरिद्वार और अन्य क्षेत्रों के कुछ एजेंटों को भी चिन्हित किया गया है।
मामले के सामने आने के बाद स्पेशल टास्क फोर्स भी एक्शन मोड में आ गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि विदेश मंत्रालय में दर्ज शिकायतों का पूरा विवरण मांगा गया है। शिकायतों और ठगी के तरीकों की रिपोर्ट मिलते ही संबंधित एजेंसियों और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय पुलिस ने भी इन एजेंसियों के कार्यालयों और गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।

