किच्छा। पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान एक युवक को भारी मात्र में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 11-15 ग्राम स्मैक, नकद धनराशि, मोबाइल फोन और बिना कागजात की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
किच्छा कोतवाली के उप निरीक्षक पवन जोशी ने बताया कि शुक्रवार की रात पुलिस टीम आजाद नगर और बंगाली कॉलोनी होते हुए मलपुरा सोनेरा फार्म कब्रिस्तान क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कब्रिस्तान के पास एक व्यक्ति काली स्प्लेंडर बाइक के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा और बाइक स्टार्ट कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलविंदर निवासी लालपुर किच्छा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई, जिसमें भूरे रंग का पाउडरनुमा पदार्थ मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पन्नी सहित कुल वजन 11-88 ग्राम और शुद्ध स्मैक 11-15 ग्राम पाई गई।
आरोपी के पास से 600 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह स्मैक को आसपास के नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए वहां खड़ा था। पुलिस ने बरामद स्मैक, मोबाइल और नकदी को सील कर कब्जे में ले लिया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
