उधम सिंह नगर: सभी स्कूलों में 03 दिन का अवकाश घोषित।

मीडिया ग्रुप, 14 जनवरी, 2026

रुद्रपुर। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद उधम सिंह नगर में दिनांक 15, 16 एवं 17 जनवरी 2026 को शीतलहर (कोल्ड वेव) की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों तथा शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। 18 जनवरी को रविवार होने से स्कूल सोमवार को खुल सकेंगे।

हालांकि, कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के वे छात्र-छात्राएं जो CBSE, ICSE, उत्तराखण्ड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, उनकी परीक्षा तैयारी को देखते हुए यदि किसी विद्यालय द्वारा अध्ययन, प्रायोगिक या प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, तो इसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, उधम सिंह नगर से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने समस्त तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।