रूद्रपुर। समय पर वेतन भुगतान न होने से आक्रोशित रोडवेज कर्मचारियों ने सोमवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कुमाऊं भर के रोडवेज कर्मियों ने बस संचालन पूरी तरह ठप कर दिया और रोडवेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने बताया कि 29 अगस्त को मंडलीय प्रबंधक काठगोदाम को नोटिस देकर वेतन भुगतान की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक वेतन नहीं मिला। पिछले दो माह से वेतन न मिलने से चालक-परिचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के चलते बस संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो 10 सितंबर से देहरादून और टनकपुर सहित प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ठुकराल ने भरोसा दिलाया कि वह उच्चाधिकारियों से वार्ता कर कर्मचारियों की समस्या उठाएंगे।
धरना स्थल पर यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री मनिंदर सिंह, बलदेव सिंह, गुरमेल सिंह, धर्मपाल कम्बोज, मनदीप सिंह, विनोद कुमार, मोहित कुमार, मनमोहन सिंह, मनोहर सिंह, अमलेश कुमार, ज्ञानचंद अवस्थी, रामनारायण, महेश प्रसाद, जगजीत सिंह, कौशल यादव, संतोष सैनी, संतोष गिल, पवन गुप्ता, जयपाल सिंह, राकेश कुमार, मनोज यादव, शशि भूषण, योगेन्द्र सिंह, हरदेव सिंह, सुनील भटनागर, हरप्रीत सिंह, गुरचरन सिंह, विजय पाल, पंकज सिंह, कृष्ण गोपाल, मोहम्मद आरिफ, राजकुमार, विमल कुमार, संदीप कुमार, राजवीर सिंह, प्रेम कुमार, सुरेन्द्र सिंह, नरदेव सिंह, देवकीनंदन व देवकी देवी समेत दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।
