भोपाल-इंदौर एक्सपोजर विजिट में शामिल होंगे रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा

रुद्रपुर। शहरी विकास विभाग द्वारा भोपाल एवं इंदौर में आयोजित होने जा रहे चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा भी प्रतिभाग करेंगे। यह कार्यक्रम 19 से 22 अगस्त तक चलेगा, जिसमें शहरी विकास और नवाचार से जुड़े विषयों पर विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा।

प्रदेशभर से चुने गए 18 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों में महापौर विकास शर्मा का भी चयन हुआ है। मंगलवार को वे इस अध्ययन दौरे के लिए भोपाल रवाना होंगे। दौरे के दौरान प्रतिभागियों को भोपाल और इंदौर में लागू किए गए सफल शहरी विकास मॉडल का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा। साथ ही शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी तथा स्थानीय निकायों के अधिकारियों और विशेषज्ञों से संवाद का अवसर भी मिलेगा।

महापौर शर्मा ने इस अवसर पर शहरी विकास विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इंदौर और भोपाल शहरी विकास के क्षेत्र में देशभर में मिसाल बने हैं। वहां की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर उसे रुद्रपुर सहित उत्तराखंड के नगर निकायों में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यक्रम से प्राप्त अनुभव और जानकारियां प्रदेश के नगर निकायों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें स्वच्छ, व्यवस्थित व स्मार्ट बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।