रुद्रपुर : 47 तोतों के साथ दो लोग गिरफ्तार

रुद्रपुर। वन विभाग की टीम ने खेड़ा में एक घर से 47 तोते बरामद किए। टीम ने भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेज दिया गया। न्यायालय की अनुमति के बाद वन विभाग ने तोतों को जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार टांडा रेंज के रेंजर रूप नारायण गौतम और सुरक्षा दल ने नगर के खेड़ा के एक घर से 47 तोते बरामद किए। रेंजर ने बताया कि मौके पर मौजूद खेड़ा निवासी नईम और रेशमबाड़ी कॉलोनी निवासी फिरासत को उनका अपराध बताकर भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

मौके से दो नाइलोन के जाल और दो लोहे के पिंजरे बरामद हुए। टीम तोतों और आरोपियों को रेंज कार्यालय ले आई। रेंजर के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह तोते जंगल से पकड़ कर दिल्ली में ले जाकर बेचते हैं। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में हल्द्वानी जेल भेज दिया गया। टीम ने बरामद तोते जंगल में छोड़ दिए।