रुद्रपुर : बारातियों में खूनी संघर्ष, कई लोग हुए घायल…

रुद्रपुर। आवास विकास चौकी इलाके के रविंद्र नगर में उस वक्त अचानक खूनी संघर्ष हो गया जब वर-वधु पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। जिसमें बाराती पक्ष के पांच लोगों सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह होने पर चौकी में लोगों का जमावड़ा लगा रहा और बाद में लड़की के शादी से इंकार करने पर दूल्हे को बैरंग ही लौटना पड़ा और दोनों पक्षों ने समझौता नामा पुलिस को दे दिया है।

जानकारी के अनुसार किच्छा निवासी सन्नी शुक्रवार की रात 9 बजे रविंद्र नगर बारात लेकर पहुंचा। गेट प्रवेश के बाद अचानक वर और वधु पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रात 10 बजे कार्यक्रम स्थल में भगदड़ मचने लगी। दोनों पक्षों में हुए खूनी संघर्ष के कारण दूल्हे के भाई समेत पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा रोडवेज संविदा चालक विशाल और डीजे संचालक अभिषेक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया और पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शनिवार की सुबह दोनों पक्षों की भीड़ आवास विकास चौकी में जुटने लगी। जहां काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार वर-वधु पक्ष में आपसी समझौता हो गया। वहीं वधु ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में लेनदेन के बाद आपसी समझौता हो गया और बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग किच्छा के लिए लौट गई।

रविंद्र नगर में दूल्हे के साथ आई बाराती महिलाओं ने वधु पक्ष की ओर से कुछ लड़कों पर लूटपाट करने का आरोप भी लगाया है। आरोप था कि जब बारात बस से उतरने लगी तो अचानक वधु पक्ष की ओर से आए युवकों ने हमला कर दिया। आरोप था कि उसके गले से सोने की चैन लूटी गई। इसके अलावा एक और महिला का आरोप था कि उसका मोबाइल व चार हजार की नगदी भी लूटी गई है, जबकि वर पक्ष की ओर से किसी ने विवाद नहीं किया। संघर्ष में तीन महिलाएं भी घायल हुई है।