Ajab Gajab : 12 बीवियां, 102 बच्चे, 568 नाती-पोते वाले शख्स ने लिया बड़ा फैसला; खाने के पड़े हैं लाले

इन दिनों सोशल मीडिया पर युगांडा का एक शख्स काफी सुर्खियां बटोर रहा है। 12 बीवियों, 102 बच्चों और 568 नाती-पोते वाले इस किसान ने जो कहा है उसकी चर्चा अब हर जगह हो रही है। दरअसल इतने बड़े परिवार के मुखिया ने अब रुकने का फैसला लिया है। युगांडा में रहने वाले इस शख्स का नाम मूसा है, जो अपने इस बड़े से परिवार के पालन-पोषण के लिए जूझ रहे हैं। पूर्वी युगांडा के बुगिसा गांव में रहने वाले इस किसान का कहना है कि यह उनके लिए परेशानी बनता जा रहा है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, मूसा का कहना है कि, ‘मेरा स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है। इतने बड़े परिवार के लिए दो एकड़ जमीन बेहद कम पड़ रही है। मुझे मेरी दो पत्नियों ने छोड़ दिया क्योंकि मैं उनके भोजन, शिक्षा, कपड़े जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा नहीं कर सका।’ दरअसल मूसा बेरोजगार हैं। लेकिन इन दिनों वह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

रिपोर्ट की मानें तो 68 साल के मूसा ने कहा है कि, इतने बड़े परिवार को चलाने के लिए उनके पास पैसों की कमी हो रही है। वह खाने तक के पैसे नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में मूसा ने अपनी पत्नियों को गर्भनिरोधक गोलियां लेने को कहा है।

मूसा ने बताया कि उनकी अपनी पहली पत्नी से शादी साल 1972 में थी, जब वे करीब 17 साल के थे। उनके सबसे पहले बच्चे का जन्म शादी के एक साल बाद हुआ था। इसके बाद उनके रिश्तेदारों और दोस्तों ने उन्हें सलाह दी कि अपने परिवार की विरासत आगे बढ़ाने के लिए वह और भी कई बच्चों को पैदा करें। इसके लिए उन्होंने कई महिलाओं से शादी की। मूसा के कई बच्चे उनके साथ खेत में काम करते हैं।