उत्तराखंड : पहाड़ से मैदान तक बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट।

मीडिया ग्रुप, 21 मार्च, 2023

उत्तराखंड में बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मंगलवार को भी दिन की शुरुआत बारिश के साथ हुई। पहाड़ से मैदान तक सोमवार रात से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

वहीं, केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई। उधर, पूर्णागिरि मार्ग पर बारिश के कारण बाटनागड़ के पास मलबा आ गया। जिसके चलते कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकी गई थी।

बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट

आज भी राजधानी देहरादून सहित राज्य के अधिकांश जनपदों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि उत्तराखंड राज्य के कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के अधिकांश स्थलों पर गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

ऊंचाई वालें इलाकों में बर्फबारी की संंभावना है। दून में भी गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।