रुद्रपुर : पुत्री को बचाने आई पत्नी पर पति द्वारा जानलेवा हमला।

मीडिया ग्रुप, 17 जुलाई, 2022

रुद्रपुर। बेटी से मारपीट का विरोध करने पर शराबी पति ने पत्नी का सिर फोड़ दिया और उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। पड़ोसियों ने महिला को अस्पताल भर्ती कराया। पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं।

रुद्रपुर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 13 वर्ष पूर्व हुआ था। उसका एक पुत्र और तीन पुत्रिया हैं। महिला का आरोप है कि पति कोई काम नहीं करता और अकसर शराब पीता है। वह किसी तरह सिलाई का काम करके अपना और अपने बच्चों का भरण पोषण करती है। पति शराब पीने के लिए पैसे मांगता है नहीं देने पर मारपीट करता है।

कई बार वह जानलेवा हमला कर चुका है। शुक्रवार को वह सिलाई के काम के लिये गयी थी। इसी बीच बच्चे स्कूल से घर आये तो पति भी शराब पीकर घर पहुंच गया और बड़ी पुत्री के साथ बिना किसी बात के मारपीट करने लगा। छोटी पुत्री की सूचना पर जब वह घर पहुंची तो पति बड़ी बेटी को बुरी तरह मार रहा था।

महिला ने बताया कि विरोध करने पर पति ने उसका सिर फोड़ दिया जिससे वह बेहोश होकर गिर गयी और पति उसी हालत में छोड़कर फरार हो गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर आये और उसे अस्पताल भर्ती कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।