सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड : 19 साल के युवक ने छलनी किया था सीना, पुलिस भी हैरान।

मीडिया ग्रुप, 04 जुलाई, 2022

पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला के मर्डर केस में दिल्ली की स्पेशल पुलिस ने एक युवक और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली आईएसबीटी से आरोपियों को पकड़ा। 19 साल के युवक ने ही मूसेवाला को करीब से गोली मारी थी। पुलिस के अनुसार, युवक का यह पहला मर्डर है। उसने दोनों हाथों से गोलियां चलाई थीं। युवक राजस्थान में हत्या के प्रयास के दो अन्य जघन्य मामलों में भी शामिल था। लेकिन मर्डर उसने पहली ही बार किया था। जानकारी के अनुसार, वह केवल नौवीं पास है।

युवक मूसेवाला की हत्या के बाद आरोपी किसी अन्य युवक के साथ उसकी गाड़ी में ही सवार था। पुलिस के अनुसार, दोनों सात जून को गुजरात के कच्छ में छिपे थे। युवक हरियाणा केसोनीपत के गांव सेरसा का रहने वाला है। युवक के साथ पकड़ा गया दूसरा आरोपी मूसेवाला मामले के चार शूटरों को पनाह देने के लिए जिम्मेदार था। राजस्थान के चुरू के एक जघन्य मामले में भी युवक का दोस्त वांटेड चल रहा था। युवक राजस्थान में गिरोह की सारी गतिविधियों को संभालने वाला मुख्य शख्स था।

आरोपियों से 9 एमएम बोर की एक पिस्टल, 10 कारतूस, 2.30 एमएम बोर की एक पिस्टल, 9 कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा पंजाब पुलिस की तीन वर्दी, एक डोंगल और सिम के साथ दो मोबाइल हैंडसेट भी बरामद हुए हैं।

गायक मूसेवाला की हत्या के लिए एके-47 यूपी के बुलंदशहर से खरीदी गई थी। इस हत्याकांड की जांच कर रही एजेंसियों को यह जानकारी पूछताछ के आधार पर मिली है। लॉरेंस ने यूपी के हथियार सप्लायर की जानकारी देते हुए जांच अधिकारियों को बताया है कि उसका गैंग अक्सर इस गैंग से ही हथियार खरीदता रहा है।

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में शामिल चारों आरोपी फतेहाबाद में फोरलेन स्थित होटल के कमरा नंबर 207 में रुके थे। आरोपियों ने पूरी प्लानिंग के साथ होटल में यह कमरा बुक कराया था। 29 मई को सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।