उत्तराखंड हाई कोर्ट के 12 वें मुख्य न्यायाधीश के रूपमें न्यायमूर्ति विपिन सांघी 28 जून को लेंगे शपथ।

मीडिया ग्रुप, 24 जून, 2022

उत्तराखंड हाई कोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी को 28 जून को देहरादून राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) गुरमीत सिंह शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 6.15 बजे होगा। न्यायमूर्ति सांघी नैनीताल हाई कोर्ट के 12 वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे।

इससे पहले न्यायमूर्ति अशोक देसाई, एचएस कपाड़िया, विकास श्रीधर शिरपुरकर, सरिएफ जोजेफ, राजीव गुप्ता, विनोद गुप्ता,जेएस खेहर, बारिन घोष, केएम जोसेफ, रमेश रंगनाथन व राघवेंद्र सिंह चौहान मुख्य न्यायधीश रह चुके हैं।

उत्तराखंड हाई कोर्ट में वर्तमान में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा हैं। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल विवेक भारती शर्मा की ओर से जारी अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। न्यायमूर्ति सांघी दिल्ली हाईकोर्ट से पदोन्नत होकर नैनीताल हाई कोर्ट आ रहे हैं।

नैनीताल हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने न्यायमूर्ति विपिन सांघी का जन्म 27 अक्टूबर 1961 को नागपुर में हुआ था। 1965 में परिवार के साथ नागपुर से दिल्ली स्थानांतरित हो गए। दिल्ली में स्कूली शिक्षा प्राप्त की। 1980 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड, नई दिल्ली से इंटर उत्तीर्ण किया।

न्यायमूर्ति विपिन सांघी ने 1983 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी गणित (ऑनर्स) में स्नातक किया और उसके बाद लॉ फैकल्टी, कैंपस लॉ सेंटर, दिल्ली विश्वविद्यालय से एल एल बी किया । उसी वर्ष एक वकील के रूप में दिल्ली बार काउंसिल में दाखिला लिया।

उनके दादा स्वर्गीय वीके. सांघी और पिता स्वर्गीय जीएल. सांघी, वरिष्ठ अधिवक्ता रहे हैं । न्यायमूर्ति सांघी ने प्रारंभ में मुकुल रोहतगी, वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ कार्य किया। वह सर्वोच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के पैनल वकील के रूप में भी नियुक्त हुए। दिसंबर, 2005 में उन्हें दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था।

न्यायमूर्ति विपिन सांघी ने कई अंतरराष्ट्रीय कानून सम्मेलनों में भाग लिया है। 29 मई, 2006 से दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त और 11 फरवरी, 2008 को एक न्यायाधीश के रूप में पुष्टि की गई।