हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुआ सिद्धू मूसेवाला का नया गाना, दो घंटे में लाखो व्यूज और लाइक्स।

मीडिया ग्रुप, 23 जून, 2022

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुआ गाना छह मिनट में ही हिट हो गया। दो घंटे में इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा। सिद्धू अपने इस आखिरी गाने के जरिये पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे एसवाईएल के मुद्दे को हवा दे गए।

गाने में सिद्धू ने कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन और लाल किले का भी जिक्र किया है। पहले छह मिनट में गाने को 4.75 लाख लोगों ने देखा और 3.14 लाख लोगों ने लाइक किया। शुरुआती छह मिनट में ही गाना पूरी तरह से हिट हो गया।

दो घंटे बाद इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा, 14 लाख लोगों ने गाने को लाइक किया और दो लाख 52 हजार लोगों ने कमेंट किया। सिद्धू मूसेवाला के नए गाने में पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे विवादित मुद्दों का जिक्र किया है।

गाने में सिद्धू ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच और लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने की सराहना की है।

सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने बताया कि उनके बेटे के कई गाने रिलीज होने की स्टेज पर हैं। सिद्धू ने कई और गाने भी लिखे हैं। इन सभी गानों को एक-एक करके रिलीज किया जाएगा। सिद्धू मूसेवाला की अरदास के दौरान उनके पिता बलकौर सिंह ने कहा था कि वह वादा करते हैं कि अगले 5-7 साल अपने बेटे को गानों के जरिये सबके बीच जिंदा रखेंगे।