उधमसिंह नगर : 60 किलो गौ मांस के साथ महिला गिरफ्तार,दो फरार

मीडिया ग्रुप, 07 अप्रैल, 2022

काशीपुर। जिले की गौवंश संरक्षण स्क्वायड टीम ने आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरखेड़ा में पुलिस के सहयोग से एक मकान पर छापामारी कर वहां से 60 किलो प्रतिबंधित गौमांस तथा गौमांस काटने के औजार आदि बरामद करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि महिला का पति व एक अन्य मौके से दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे।

पुलिस ने गिरफ्तार महिला से जरूरी पूछताछ के बाद उसके खिलाफ उत्तराखंड गौमांस अधिनियम 2007 के तहत कार्यवाही की है। जानकारी के मुताबिक जिले के गौवंश संरक्षण स्क्वायड टीम को जरिए मुखबिर सूचना मिली की आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम धीमरखेड़ा के मकान में कुछ लोग प्रतिबंधित गौमांस की खरीद फरोख्त में लिप्त है।

इसी सूचना पर स्क्वायड टीम के अधिकारियों ने थाने की पुलिस फोर्स को साथ लेकर मकान पर छापा मारा। कार्यवाही के दौरान एक महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई। जबकि उसका पति जाहिद हुसैन तथा एक अन्य साथी रईस पुत्र शाह निवासी उपरोक्त मौके से दीवार फांदकर फरार हो गये।

कार्यवाही के दौरान स्क्वायड टीम ने मकान से 60 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद करते हुए वहां से गौमांस काटने के औजार, कुल्हाड़ी, छुरी, हसिया, रेती, लकड़ी का गुटका, तराजू आदि बरामद किया।पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ गौमांस अधिनियम 2007 के तहत कार्यवाही करते हुए उसे कोर्ट में पेश कर दिया।