ऊधमसिंह नगर : पंतनगर में भीषण अग्निकाण्ड की भेंट चढ़ी एक दर्जन झोपड़ियां, जानवर झुलसे, समान जलकर राख।

मीडिया ग्रुप, 01 अप्रैल, 2022

रूद्रपुर। पंतनगर क्षेत्र की इंदिरा कालोनी में एक दर्जन झोपड़ियां आग की भेंट चढ़ गयी। दमकल की कई गाड़ियों ने बमुश्किल आग को काबू किया। अग्निकाण्ड में लाखों के नुकसान का अनुमान है। अग्निकाण्ड में जानवर भी झुलस गये।

जानकारी के मुताबिक पंतनगर की इंदिरा कालोनी में मजदूरों की झोपड़ियां बनी थी। आज सुबह अचानक एक झोपड़ी में आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने दर्जनभर झोपड़ियों को अपनी आगोश में ले लिया। आग लगने से इलाके में हड़कम्प मच गया। झोपड़ियों में रह रहे लोगों ने सामान बचाने के प्रयास के लिए लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण उनकी कोशिश नाकाम रही।

सूचना पर पहुंची दमकल की कई गाडियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग काबू किया। तब तक मजदूरों का घरों में रखा राशन कपड़े व अन्य सामान जलकर राख हो गया। अग्निकाण्ड में एक जानवर भी झुलस गया। सूचना पर पंतनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं।

वहीं अग्निकाण्ड में हुए नुकसान का भी आंकलन किया जा रहा है। झोपड़ियां जलने से दर्जनभर परिवार सड़क पर आ गये हैं उनके सामने जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई मदद नहीं पहुंचायी गयी है।

अग्निकाण्ड की सूचना पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने तहसील प्रशासन को क्षति का आंकलन करने के निर्देश भी दिये। शुक्ला ने पीड़ितों के लिए लंगर की व्यवस्था भी कराई।