ऊधमसिंह नगर : कलियुगी बेटे ने डंडे से पीट कर की पिता की हत्या, मां गंभीर रुपसे घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 20 मार्च, 2022

खटीमा। पारिवारिक कलह के चलते श्रीपुर बिचवा में कलियुगी बेटे ने माता-पिता को डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वृद्ध पिता पूर्व फौजी की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बृहस्पतिवार देर रात श्रीपुर बिचवा के 70 वर्षीय पूर्व फौजी धर्म सिंह बोरा की अपने बेटे लक्ष्मण सिंह बोरा के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लक्ष्मण ने अपने पिता को डंडे से पीटना शुरु कर दिया, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई।

बीच-बचाव करने पहुंची मां भवानी देवी को भी आरोपी बेटे ने डंडे से पीट दिया, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धर्म सिंह बोरा को मृत घोषित कर दिया।

घायल भवानी देवी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लक्ष्मण नशे का आदि है। वह अक्सर अपने घर में मारपीट करता रहता है। उसके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी बीएससी कर रही है। दादा धर्म सिंह बोरा ही उसका खर्च उठाते हैं। लक्ष्मण सिंह से छोटे दो दो छोटे जुड़वा भाई हैं।

सीओ बीएस भंडारी ने बताया कि इस मामले में मृतक के दूसरे बेटे श्याम सिंह बोरा की तहरीर पर लक्ष्मण सिंह बोरा के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।