ऊधमसिंह नगर : नगर पालिका खटीमा का कूड़ा वाहन वन भूमि पर खुले में कूड़ा डालते पकड़ा गया, वन विभाग ने वाहन किया सीज।

मीडिया ग्रुप, 18 मार्च, 2022

खटीमा। नगर में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली नगरपालिका स्वयं ही नियमों की अनदेखी करने लगे तो वह दूसरों के विरुद्ध किस प्रकार से कार्रवाई की जाएगी इसका अंदेशा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि वन विभाग ने नगर पालिका परिषद खटीमा के कूड़ा वाहन को वन भूमि पर खुले में कूड़ा फेंकते पकड़ लिया। वाहन सीज कर दिया गया है।

खटीमा रेंज के लोहियाहेड रोड पर वन भूमि पर नगर पालिका परिषद के कूड़ा वाहनों से खुले में कूड़ा फेंका जा रहा था। इसकी शिकायत पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक गाड़ी को जंगल में कूड़ा डालते पकड़ लिया। वाहन को रेंज कार्यालय लाकर खड़ा करा दिया।

रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल ने बताया कि नगर पालिका परिषद की ओर से लगातार लोहियाहेड रोड पर जंगल में खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद को कई बार नोटिस भेजकर जंगल में कूड़ा न डालने की हिदायत दी गई है। बावजूद इसके नगर पालिका की ओर से चोरी छिपे जंगल में कूड़ा फेंका जा रहा है।

वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचकर कूड़ा वाहन को पकड़ लिया। रेंजर मनराल ने कहा कि वाहन को सीज कर दिया गया है। नगर पालिका को जंगल में कूड़ा न फेंकने का नोटिस भी दिया गया है। रेंजर मनराल ने कहा कि नगर पालिका जंगल क्षेत्र में कूड़ा डालेगी तो विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई होगी।