ऊधमसिंह नगर : रुद्रपुर में शराब पिलाकर कुल्हाड़ी से युवक की हत्या करने और शव गलाने के लिए नमक डाल कर दफनाने के आरोप में एक गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 09 मार्च, 2022

रुद्रपुर। बीवी के सामने बेइज्जती का बदला एक युवक ने साथियों के साथ मिलकर अपने दोस्त का कत्ल करके ले लिया। पहले उसका गला घोंटा फिर कुल्हाड़ी से वारकर उसे मार डाला। उसके बाद शव गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन की तलाश की जा रही है। चारों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के राजा कॉलोनी निवासी महिला मोहन देई ने बीती दो मार्च को अपने 25 वर्षीय बेटे अमित की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि उसका बेटा 28 फरवरी की शाम सात बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक विजय सिंह को सौंप दी थी।

पूछताछ में पता चला कि अमित आखिरी बार कृष्णा कॉलोनी निवासी रोहित सरकार के साथ देखा गया। मोहन देई ने बताया कि रोहित उसके बेटे को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था। उसने अनहोनी की आशंका भी जाहिर की।

विवेचक विजय सिंह ने सीसीटीवी फुटेज में भी मोटर साइकिल पर दोनों को साथ जाते हुए देखा। रोहित सरकार से इस संबंध में पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल करते हुए वारदात की पूरी कहानी पुलिस को सुना दी। उसके बाद पुलिस टीम आरोपी के साथ मौके पर गई, जहां से शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि मृतक अमित रोहित सरकार से अक्सर लड़ाई-झगड़ा किया करता था। आरोप है कि बीते दिनों अमित ने रोहित की बीवी के सामने उसकी बेइज्जती कर दी थी। ऐसे में उसने अपमानित होकर हत्या का कदम उठाया। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला हत्या में तरमीम कर दिया।

एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रस्सी, कुल्हाड़ी, बुलेट मोटर साइकिल बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी रोहित सरकार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ग्राम थानपुर थाना बिलासपुर जिला रामपुर निवासी प्रकाश, गोविंद और नंदू की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित ने बताया कि बीते 28 फरवरी को वह अमित को अपनी बुलेट पर बैठाकर पूर्व नियोजित तरीके से रुद्रपुर-रामपुर बार्डर के करीब खानपुर नई बस्ती ले गया। थाना बिलासपुर जिला रामपुर में आने वाले इस क्षेत्र में उसका दोस्त प्रकाश रहता है। प्रकाश के घर के पीछे खेतों के पास दोस्त नंदू और गोविंद पहले से ही मौजूद थे। जहां सभी ने खेतों में पेड़ के पास बैठकर शराब पी। जिसके बाद सभी ने मौका देखकर रस्सी से उसका गला कस दिया। आरोप है कि रोहित सरकार ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।

युवक की हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छुपाने के लिए मृतक के कपड़े भी उतार लिए। सिर्फ अंडरवियर रहने दिया। नाले के पास खेत में फावड़े से एक गड्ढा खोदा। गड्ढा छोटा होने के चलते मृतक को उसमें बैठा दिया।

शव को गलाने के लिए आरोपियों ने ऊपर से पांच किलो नमक भी डाल दिया था। शव पर मिट्टी के साथ ही कूड़ा भी डाल दिया ताकि किसी को शक न हो। कुल्हाड़ी और रस्सी रोहित सरकार और नंदू ने झाड़ियों में छिपा दी थी। गोविंद फावड़ा अपने साथ लेकर चला गया था।