उधमसिंह नगर : रुद्रपुर में पीएम मोदी की रैली का विरोध करने जा रहे किसानों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

मीडिया ग्रुप, 12 फ़रवरी, 2022

गदरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रुद्रपुर में रैली के विरोध को जाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसानों को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया और थाने लाकर नजर बंद कर दिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा के आहवान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी रुद्रपुर में प्रस्तावित रैली के विरोध के लिए किसान संगठनों से जुड़े लोग गुरुद्वारा सिंह सभा के सामने एकत्र हुए।

उन्होंने हाथों में काले झंडे लेकर रैली में जा रहे वाहनों का विरोध किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विरोधी नारे लगा कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर उप निरीक्षक सुरेंद्र बिष्ट और स्थानीय अभिसूचना इकाई के उप निरीक्षक मौ. रिजवान खान के नेतृत्व में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और एसएसबी के जवानों को मौके पर तैनात किया गया था, जिन्होंने विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस फोर्स की मदद से आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।

किसानों ने जबरन रुद्रपुर जाने की जिद पकड़ी किसानों की जिद को देख कर पुलिस फोर्स ने बल प्रयोग कर उनको गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए किसानों को थाना गदरपुर लाया गया जहां उन्हें नजरबंद कर दिया गया। गिरफ्तारी के विरोध में किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सरदार कर्म सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के आंदोलन को कमजोर करने के लिए कृषि कानूनों को रद्द करने का एलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया।

तराई किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सरदार सलविंदर सिंह कलसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कारपोरेट जगत के सामने नतमस्तक होकर देश की जनता को झूठे सपने दिखा कर महंगाई की आग में झोंक रहे हैं। आज देश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने कहा कि किसान विरोधी भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ किसान अपने मताधिकार का उपयोग कर किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों की मौत का बदला लेंगे। गिरफ्तार किए गए किसानों ने थाना परिसर में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के विरोध में नारेबाजी की। सुरक्षा की दृष्टि से एसपी राजेश भट्ट सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

इस दौरान गिरफ्तारी देने वालों में भारतीय किसान यूनियन के ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मक्कड़, जसवंत सिंह, कुलदीप सिंह, दलजीत सिंह रंधावा, भोला सिंह, सुरजीत सिंह, सुखविंदर सिंह, स्वदेश कुमार, गुरमीत सिंह, गुरनवीत सिंह विर्क, रजवंत सिंह, बलदेव सिंह, करनैल सिंह रंजीत सिंह तमाम किसान शामिल थे।