यूपी में भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की सूची की जारी, जानिये सीएम योगी कौनसी सीट से लड़ेंगे चुनाव …….

मीडिया ग्रुप, 15 जनवरी, 2022

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पहली सूची जारी की।

दिल्ली के भाजपा हेड क्वार्टर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमारी सरकार सभी को साथ लेकर चलेगी। सबका साथ, सबका विकास ही हमारा प्रयास है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए एक नई विश्वास आज देश में सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का विश्वास भाजपा पर है और एक बार फिर से पार्टी उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतेगी।

धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में बताया कि पहले चरण के 58 सीटों में से 57 सीटों के लिए उम्मीदवार जबकि दूसरे चरण के 55 में से 48 सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा हो गई। बाकी के नामों पर चर्चा पार्लियामेंट्री बोर्ड कर चुकी है और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को इसकी जिम्मेदारी दे दी गई है।

अपने ऐलान में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से चुनावी मैदान में उतरेंगे जबकि केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज जिले के सिराथू सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। बाकी नामों की घोषणा करते हुए पार्टी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि नोएडा से पंकज सिंह उम्मीदवार होंगे।

अतरौली से संदीप सिंह को फिर से टिकट दिया गया है। साहिबाबाद से सुनील शर्मा चुनावी मैदान में होंगे जबकि मथुरा से श्रीकांत शर्मा एक बार फिर से चुनाव लड़ेंगे। जेवर से धीरेंद्र सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है। बेबी रानी मौर्य को आगरा ग्रामीण से टिकट दिया गया है।

गाजियाबाद से अतुल गर्ग के प्रत्याशी होंगे। आगरा कैंट से डॉक्टर जी एस धर्मेश को टिकट दिया गया है। आगरा दक्षिण से योगेंद्र उपाध्याय चुनावी मैदान में होंगे।