ऊधमसिंह नगर : रूद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर के लिये 46 एकड़ भूमि आवंटित।

मीडिया ग्रुप, 31 दिसंबर, 2021

रुद्रपुर । रूद्रपुर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा पिछले कई वर्षाें से किये जा रहे प्रयास आखिरकार रंग लाये हैं। शासन ने रूद्रपुर में यातायात नगर की स्थापना के लिए 46.88 एकड़ भूमि जिला विकास प्राधिकरण उधम सिंह नगर को आवंटित कर दी है। जिसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

बता दें शहर में यातायात नगर की जरूरत कई वर्षों से महसूस की जा रही थी। सिडकुल बनने के बाद रूद्रपुर की सड़कों पर वाहनों के भारी दबाव के चलते यहां जाम की समस्या से अकसर लोगों को जूझना पड़ता है। जिसके चलते यहां ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना शहर की जरूरत बन गयी है।

नगर में ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के लिए विधायक राजकुमार ठुकराल पिछले कई वर्षों से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कई बार इस मुद्दे को विधान सभा में उठाया। यही नहीं कई बार उन्होंने मुख्यमंत्री समेत प्रदेश के मंत्रियों और उच्चाधिकारियों के समक्ष भी यह मामला बार बार उठाया है।

विधायक ठुकराल की यह कोशिश अब रंग लायी है। शासन ने फाजलपुर महरौला में यातयात नगर के लिए 46.88 एकड़ भूमि जिला विकास प्राधिकरण को आवंटित कर दी है। शासन के अपर सचिव डा. आनन्द श्रीवास्तव ने इस आशय का एक पत्र 29 दिसम्बर को जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को भी प्रेषित करके आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

विधायक ठुकराल ने कहा कि नजूल भूमि की समस्या का समाधान होने के बाद रूद्रपुर शहर को एक और बड़ी सौगात मिली है। यातायात नगर की स्थापना से न सिर्फ रूद्रपुर वासियों को जाम से छुटकारा मिलेगा बल्कि रूद्रपुर शहर के विकास के लिए भी ट्रांसपोर्ट नगर मील का पत्थर साबित होगा।

विधायक ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण हेतु धनराशि उपलब्ध कराने के लिए शहरी विकास विभाग से विचार-विमर्श किया गया है एवं विभाग द्वारा एडीबी योजना के तहत धनराशि उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की गई है।

वहीं जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हरीश कांडपाल ने बताया कि शीघ्र ही एडीबी की टीम द्वारा प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर की भूमि का निरीक्षण किया जाएगा एवं धनराशि उपलब्ध कराने हेतु आगे की कार्यवाही की जाएगी। धनराशि उपलब्ध होते ही ट्रांसपोर्ट नगर का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उक्त योजना का डिजाइन व आगणन पूर्व से ही तैयार है।