भाजपा के शासन में अंबानी अडानी तिजोरी भर रहे, जनता परिवर्तन चाहती है- पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत।

मीडिया ग्रुप, 29 दिसंबर, 2021

नानकमत्ता। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा के शासन में पिछले पांच वर्षों में सभी वर्ग के लोग गरीब ही हुए हैं। सिर्फ अडानी-अंबानी जैसे कुछ चुनिंदा लोग ही अपनी तिजोरी भर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की बयार है। कांग्रेस सरकार आने पर पहले सौ फिर दूसरे साल में दो सौ यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। उन्होंने हर परिवार गैस सिलिंडर पर चार सौ रुपये की सब्सिडी देने का भी ऐलान किया।

सोमवार को नगर के बैंक्वेट हॉल में जन संवाद कार्यक्रम के दौरान रावत ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर सियासी तीर छोड़े।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जहां अवैध खनन वहां धामी। डबल इंजन की सरकार में भाजपा प्रदेश के मुख्यमंत्री ही बदलती रही। आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को बंद कर दिया गया।

उन्होंने नजूल, गोठ, खत्तों पर काबिज लोगों को भूमिधरी का अधिकार देने, राय सिख समाज के छात्र-छात्राओं को शिक्षा में सहायता के लिए संत केसर सिंह कोष को बढ़ाकर दस करोड़ करने, महिलाओं को सशक्त करने के लिए स्वयं सहायता समूह को 28 तरह के काम देकर स्वावलंबी बनाने का वादा किया।

किसानों को बधाई देते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार ने चुनाव में हार देखते हुए तीनों काले कानून वापस ले लिए हैं। आज किसानों को लोकतंत्र की लड़ाई लड़नी होगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा का सबका साथ सबका विकास सिर्फ एक जुमला है।

कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक गोपाल सिंह राणा, अशोक राणा, प्रकाश तिवारी आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वहां नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, जिला कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु गाबा, खटीमा ब्लॉक अध्यक्ष रंजीत सिंह नामधारी, नगर पालिका चेयरमैन सोनी राणा, पवन राणा, लखविंदर सिंह, प्रदीप बेदी, निशीकेत भट्ट, जसवन्त सिंह, चंचल सिंह, राम पांडे, रेखा सोनकर आदि थे।