ऊधमसिंह नगर में शनिवार को बंद रहेंगे सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र, डीएम ने जारी किया आदेश

रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है। मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में 26 सितंबर 2026 (शनिवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी कर सभी संबंधित विभागों और विद्यालयों को इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई है। आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, 27 सितंबर को भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।