रुद्रपुर में एक शादी समारोह के दौरान स्थानीय युवकों पर दिल्ली से आए बारातियों के साथ मारपीट और लूटपाट के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
जानकारी के अनुसार, रेशमबाड़ी निवासी सलमान ने बताया कि मंगलवार को उसके रिश्तेदार की बेटी की शादी थी, जिसमें शाम को बारात आनी थी। दूल्हे के कई रिश्तेदार दिल्ली से समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही वे रेशमबाड़ी पहुंचे, पास में रहने वाले कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और करीब 10 से 12 युवक मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर दुल्हन पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। सलमान का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके भाई के गले से करीब छह तोले की सोने की चेन छीन ली गई, वहीं महिलाओं से भी सोने के आभूषण लूट लिए गए। इसके अलावा आरोपियों ने कार में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना मिलने पर रम्पुरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
