करंट से श्रमिक की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा

उधम सिंह नगर। पुरानी गल्ला मंडी किच्छा निवासी एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों ने जहां चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया वहीं पुलिस पर पंचनामा भरने में धांधली करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा।

जानकारी के अनुसार पुरानी गल्ला मंडी किच्छा निवासी सूरजपाल गत दिवस करंट की चपेट में आ गया था। परिजन उसे उपचार के लिए चिकित्सालय ले गये। जहां परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी वहां आ पहुंचे। इधर चिकित्सकों द्वारा सूरज को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

इधर परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बाहरी लोगों से पंचनामा भरवा लिया है। जिसको लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से तीखी नोंक झोंक भी हुई। पुलिस ने बताया कि सभी कार्य नियमानुसार किये गये है। मृतक मजदूरी करता था और उसकी पत्नी सहित 4 बेटियां व एक पुत्र है।