हल्द्वानी : भाई ने बहन की सास पर चाकू से किया हमला, आरोपी फरार

हल्द्वानी। पारिवारिक कलह के चलते भाई ने बहन की सास पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में लहुलूहान महिला सड़क पर गिर गईं। पुलिस ने घायल महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार टीपी नगर चौकी इंचार्ज दीपक बिष्ट ने बताया कि जीतपुर नेगी निवासी गंगा यहां अपने पति, बेटे और बहू के साथ रहती हैं। सभी मजदूरी करते हैं। इनके घर के पास में शीशगढ़ निवासी युवक भी किराये पर अपनी पत्नी के साथ रहता है।

युवक गंगा की बहू का भाई है। युवक का उसकी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है। उधर गंगा देवी बार-बार युवक को अपनी पत्नी को तलाक देने का दबाव बना रही थी। गंगा युवक की शादी दूसरी जगह कराना चाहती थी। इसी कारण आपस में रोज विवाद होता था। उधर युवक पत्नी को तलाक नहीं देना चाहता था।

रविवार को युवक चाकू लेकर गंगा के घर पहुंचा। उस समय युवक की बहन घर पर थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवक और गंगा में कुछ बहस हो गई। युवक ने चाकू से गंगा पर दो वार कर दिए। इससे गंगा दौड़ती हुई सड़क पर गिर गई। उधर लोगों के शोर करने पर युवक भाग गया।

पुलिस ने गंगा को अस्पताल में भर्ती कराया। टीपीनगर चौकी इंचार्ज ने बताया कि गंगा की हालत खराब है। आरोपी फरार है। पुलिस उसे पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। मामले की तहरीर नहीं मिली है।