रुद्रपुर : आरटीओ कर्मचारियों द्वारा हड़ताल का एलान, काम बंद करने की चेतावनी

रुद्रपुर। चारधाम यात्रा ड्यूटी के दौरान सस्पेंड कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर परिवहन मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन जारी है।

उत्तराखंड परिवहन मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ के महामंत्री चंद्र प्रकाश आर्य के नेतृत्व में आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के कर्मचारियों द्वारा बाहों में काला फीता बांधकर गुरुवार को विरोध दर्ज कराया।

प्रदेश सचिव विनोद चमोली और जिलाध्यक्ष बृजमोहन रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान चार कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है, जो कि सरासर गलत है।

चंद्र प्रकाश आर्य ने कहा कि कर्मचारियों के विरुद्ध की गई कार्यवाही गलत है और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जब तक सस्पेंड कर्मचारियों की बहाली नहीं होती है तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि शनिवार से दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी बहाली नहीं होती है तो पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा।

इस मौके पर आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी राम सिंह पिंगल, विमल सनवाल, नीतू सक्सेना, मनोरमा आर्य, नीरज सैनी, बालकिशन जोशी, आदि द्वारा हड़ताल का समर्थन करते हुए कर्मचारियों की बहाली की मांग की गई।