हल्द्वानी : सहेली के घर से लौट रहे नाबालिग से दुष्कर्म

हल्द्वानी। सहेली के घर से लौट रही नाबालिग को उसके जानने वाला एक युवक बहला फुसलाकर अपने साथ घर ले गया और वहां पर दुष्कर्म करने के बाद फिर सहेली के घर छोड़ दिया। जानकारी मिलने के बाद परिजन पीड़िता के साथ कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिये हैं। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ दिन पूर्व उसकी बहन देवलचौड़ क्षेत्र में रहने वाली अपनी सहेली के घर गई थी। वहां से लौटते समय रास्ते में सूरज नाम का युवक मिला, जिसे पीड़िता पहले से जानती थी।

आरोप है कि सूरज उसे झूठ बोलकर अपने घर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके बाद वह पीड़िता को टेंपो से उसकी सहेली के घर छोड़ आया। जहां से पीड़िता अपने घर पहुंची, लेकिन डर की वजह से यह बात किसी को नहीं बताई।

आठ दिन बाद पीड़िता ने यह बात अपनी बड़ी बहन को बताई। इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि पॉक्सो में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।