उत्तराखंड : लेडी डॉन के पति के हत्यारोपी का फोन और शरीर से निकली गोली मालखाने से गायब, पुलिस में हड़कंप

उत्तराखंड। दून की लेडी डॉन के नाम से चर्चित रही रुचि के पति के हत्यारोपी का मोबाइल और मृतक के शरीर से निकली गोली थाने के मालखाने से गायब हो गई। न्यायालय ने जब इन महत्वपूर्ण सुबूतों को पेश करने को कहा तो पुलिस खोजबीन में जुट गई।

पता चला कि ये दोनों सुबूत लंबे समय से गायब हैं। इनका रिकॉर्ड न थाने में है और ही कचहरी मालखाने में। अब एसओ नेहरू कॉलोनी की तहरीर पर गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसकी जांच एसओ रायपुर पीडी भट्ट करेंगे।

रुचि की भी कोरोनाकाल में मृत्यु हो चुकी है। रुचि के पति विनय की 28 जनवरी 2008 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रुचि ने नेहरू कॉलोनी थाने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाश यतेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस ने विनय के शव का पोस्टमार्टम कराया तो शरीर से एक गोली रिकवर हुई। इस गोली और आरोपी यतेंद्र के मोबाइल को पुलिस ने मुख्य साक्ष्य के रूप में थाने के मालखाने में जमा कराया।

उसके बाद पुलिस 24 जून 2008 को मुकदमे में चार्जशीट दाखिल की तो इसमें रुचि को भी आरोपी बनाया गया। पता चला कि रुचि ने यतेंद्र, हरीश, रामबीर और सुमित के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की।

मुकदमे का ट्रायल अपर सत्र न्यायाधीश अष्टम की कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट ने गत छह जनवरी को आदेश दिए कि आरोपी का मोबाइल और मृतक के शरीर से रिवकर गोली को 20 जनवरी तक कोर्ट में पेश किया जाए। इस पर पुलिस ने इन दोनों महत्वपूर्ण सुबूतों की ढूंढ खोज शुरू की। लेकिन, ये नेहरू कॉलोनी थाने के मालखाने में नहीं मिले।

यही नहीं वहां के रजिस्टर में भी ये दर्ज नहीं थे। इसके बाद कचहरी स्थित मालखाने में तलाश की गई तो वहां के रजिस्टर में भी इनकी कोई एंट्री नहीं मिली। एसओ नेहरू कॉलोनी मोहन सिंह ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज किया गया है। एफएसएल से भी जानकारी की जा रही है।