रूद्रपुर में महिला हुई साइबर ठगी की शिकार, एफआईआर दर्ज।

मीडिया ग्रुप, 22 मई, 2023

रूद्रपुर। बेटे को कनाडा भेजे गये पार्सल में सामान कम निकलने पर गूगल से कोरियर से सम्पर्क करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाईल पर सम्पर्क कर खाते से एक लाख रूपये धोखाधडी से ऑन लाईन निकाल लिये। मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।

दर्ज रिपोर्ट में रुद्रपुर निवासी महिला ने कहा है कि उसने एक पार्सल अपने बेटे को कनाडा भेजा था जो उसको 21 मार्च 2023 को प्राप्त हुआ। जिसमे भेजा गया सामान पूरा नहीं था। जिसकी जानकारी करने के लिए 25 मार्च 2023 को उसने गूगल से डीएचएल कूरियर इण्टरनेशनल सर्च करके काल किया जो कट गयी।

कॉल करने के बाद उसके मोबाईल पर एक अज्ञात से कॉल आयी जिसने खुद को डीएचएल कूरियर कम्पनी का कर्मचारी बताया तथा कहा कि आपके मोबाईल नम्बर पर एक मैसेज आया होगा। उसेे उपरोक्त नम्बर पर ही फारवर्ड करने को कहा।

महिला का कहना है उसने विश्वास में आकर उक्त नम्बर पर फारवर्ड कर दिया। उसके बाद उस अज्ञात व्यक्ति ने कहा एक अन्य नम्बर पर भी मैसेज फारवर्ड करना है। जिस पर वही मैसेज उसके बताये गये मोबाईल नम्बर पर फारवर्ड कर दिया गया।

उसके नम्बर पर यूपीआई एक्टिव होने के मैसेज आने लगे और 03 बार में एक एक रूपये 25 मार्च 2023 को उसके खाते से कट गये। जिसके बाद 26 मार्च 2023 को उसके खाते से 99,999 रूपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा ऑनलाईन धोखाधड़ी कर निकाल लिये गये।

महिला का आरोप है अज्ञात व्यक्ति द्वारा कम्प्यूटर संसाधनों का प्रयोग करके धोखाधड़ी से उसके खाते से कुल 1,00,002 रूपये ऑनलाईन स्थानान्तरित कर लिये गये हैं। पुलिस ने मामले की रपट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।