उधमसिंह नगर : इलाज के दौरान गर्भवती की मौत, परिजनों ने किया हंगामा।

मीडिया ग्रुप, 05 मार्च, 2023

बाजपुर। गर्भवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ने हंगामा किया।

गांव खमरिया निवासी महिला की शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने महिला को चीनी मिल मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार दोपहर महिला की हालत गंभीर हो गई। डाक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए।

परिजन महिला को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने हंगामा किया। सूचना पर एसआई देवेंद्र मनराल, एसआई प्रकाश चंद पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि महिला को अचानक रक्तस्राव होने पर अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला को करीब दो माह की गर्भवती बताया गया है। मृतका के दो बच्चों में मोहित तीन और मानव एक वर्ष हैं।

परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। महिला की मौत की खबर मिलते ही डॉक्टर निजी अस्पताल को बंद कर कर खिसक गए। पुलिस ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।