उत्तराखंड : आवारा कुत्तों का वृद्ध महिला और बेटी पर हमला, महिला की मौत

मीडिया ग्रुप, 13 अप्रैल, 2022

नानकमत्ता। गांव के ही आवारा कुत्तों ने वृद्ध महिला पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से घायल महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। मां को बचाने गई बेटी को भी कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। घायल को निजी अस्पताल बरेली अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम धूमखेड़ा निवासी तारो कौर पत्नी भजन सिंह अपनी पुत्री ग्राम आमखेड़ा सुनीता कौर के यहां मेहमानी में आई थी 15 दिन से वहां यहां रह कर अपना इलाज करा रही थी। रात्रि उसकी पुत्री का पालतू कुत्ता जंजीर से बंधा हुआ था, गांव के ही आवारा कुत्ते ने पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया।

कुत्ते के रोने की आवाज सुनकर महिला जाग गई और गांव के आवारा कुत्तों से पालतू कुत्ते को छुड़ाने गई वृद्ध महिला तारों कौर पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया कुत्तों ने महिला को बुरी तरह नोच लिया। चीख-पुकार की आवाज सुनते ही वृद्ध महिला की पुत्री सुनीता कौर मां को बचाने गई। गांव के आवारा कुत्तों ने सुनीता कौर पर भी हमला कर घायल कर दिया।

वृद्ध महिला को नानकमत्ता निजी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने महिला को मृतक घोषित कर दिया। महिला की पुत्री सुनीता कौर को आनन-फानन में निजी अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतक महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैली है।