ऊधमसिंह नगर : नगर निगम रुद्रपुर कार्यालय में चोरी, पुलिस ने मौके पर पहुंच की जांच।

मीडिया ग्रुप, 24 फरवरी, 2022

रुद्रपुर। शहर में चोरी की घटनाएं आम लोगों के घरों तक सीमित नहीं रहीं हैं। चोरों के निशाने पर सरकारी कार्यालय
भी आ गए हैं। बुधवार की रात चोरों ने नगर निगम में टैक्स अनुभाग कार्यालय के रोशनदान को तोड़कर यहां पर अलमारी को तोड़कर 10 हजार रुपये की नगदी उड़ा ली। साथ ही तीन से चार अलमारियों के ताले तोड़ दिए। सुबह जब कार्यालय खुला तो घटना की जानकारी मिली।

सहायक नगर आयुक्त राजेदव जायसी की तरफ से मामले में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की है। घटना को लेकर तहरीर कोतवाली में दी गई है।

नगर निगम में टैक्स अनुभाग कार्यालय के रोशनदान में जंगले को काटकर चोर किस तरह अंदर घुसे चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़ दिए और सरकारी फाइलें इधर-उधर फेंक दी। कार्यालय के अंदर सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया। चोरों ने अलमारी के अंदर रखे 10 हजार रुपये उड़ा दिए और भाग निकले।

नगर निगम में मुख्य गेट के अंदर जबकि रात में भी सुरक्षा के इंतजाम हैं इसके बाद भी चोरों ने घटना को अंजाम दे डाला, यह सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने बताया कि सुबह कार्यालय आने पर कर्मचारियों ने घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली गई। कार्यालय की सभी अलमारियां, मेज की दराज आदि के लाक टूटे हुए मिले। 10 हजार रुपये चुराए जाने की बात पटल कर्मचारियों ने दी है।

घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना कर चोरों की तलाश को लेकर अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। पूरी घटना को लेकर नगर निगम में हड़कंप की स्थिति है। वहीं मामले में नगर निगम की तरफ से तहरीर दी गई है। पुलिस हर बिदु पर जांच कर रही है। घटना को लेकर रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना को लेकर नगर निगम की तहरीर मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा था, जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।