रुद्रपुर। मॉडल कॉलोनी निवासी एक कारोबारी ने हरियाणा की एक फर्म के डायरेक्टर और उसके दो कथित साइलेंट पार्टनरों पर बकाया भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मॉडल कॉलोनी निवासी श्याम भनोट, जो गणपति इंटरप्राइजेज के डायरेक्टर हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में संचालित निगमा ट्रेडिंग के डायरेक्टर राजीव वालिया हैं। उनके भाई रवि वालिया और पिता सत्यप्रकाश वालिया स्वयं को फर्म का साइलेंट पार्टनर बताते थे। वर्ष 2019 से उनकी फर्म के माध्यम से निगमा ट्रेडिंग चावल की खरीद करती थी।
श्याम भनोट के अनुसार, 7 मई 2019 से 20 मार्च 2022 तक दोनों फर्मों के बीच कुल 2,58,10,777 रुपये का कारोबार हुआ, जिसके सापेक्ष निगमा ट्रेडिंग ने 2,27,61,672 रुपये का भुगतान किया। इस प्रकार 30,49,105 रुपये की राशि बकाया रह गई।
आरोप है कि कई बार तकादा करने के बावजूद आरोपियों ने बकाया भुगतान नहीं किया। उल्टा, शेष रकम मांगने पर राजीव वालिया, रवि वालिया और सत्यप्रकाश वालिया ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और बकाया रकम दिलाने की मांग की है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
