उधमसिंह नगर : मामूली विवाद में आढ़ती ने दो पल्लेदारों पर झोंका फायर, दोनों घायल

रिपोर्ट : बादल गंगवार 

उधमसिंह नगर। काशीपुर में मामूली विवाद के चलते एक आढ़ती के बेटे ने पल्लेदारों पर फायर झोंक दिया। गोली चलने से दो पल्लेदार घायल हो गए, जिसमें से की हालत गंभीर है। जिसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है।

नवीन अनाज मंडी में वीरेंद्र खत्री की खत्री कमीशन एजेंट के नाम से आढ़त है। शुक्रवार की शाम लगभग 3:30 बजे आढ़त पर पल्लेदार धान की ढुलाई कर रहे थे। इसी दौरान भीषण गर्मी के चलते कुछ पल्लेदार आराम करने बैठ गए। तभी आढ़त स्वामी के बेटे ने पल्लेदारों से गाली गलौज कर अभद्रता की, जिसका पल्लेदारों ने विरोध किया।

आवेश में आए आढ़ती के बेटे ने पल्लेदार नसीम व नजाकत पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर झोंक दिया। गोली लगने से दो पल्लेदार घायल हो गए, नसीम के कान के पास व पेट में गोली लगी है। जबकि नजाकत के बाएं पैर में गोली लगी है।

दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद नसीम की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलने पर एसपी अभय सिंह, सीओ अनुषा बडोला, कुंडा थाना प्रभारी विक्रम राठौर पुलिस बल के साथ मौके में पहुंच गए और आरोपी पिता- पुत्र को हिरासत में ले लिया।