रुद्रपुर में स्कूल बस ने छह महिलाओं को कुचला, एक की मौत…

उधमसिंह नगर। रुद्रपुर से गदरपुर की ओर जा रही निजी स्कूल की बस ने सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पांच महिलाओं को जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां तीन महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे एसएसपी ने मामले की जानकारी ली।

मंगलवार शाम करीब करीब चार बजे एक निजी स्कूल की बस रुद्रपुर से गदरपुर की ओर जा रही थी। फ्लाईओवर से नीचे उतरकर बस ने पहले केले के ठेले उसके बाद दो बाइकों को टक्कर मारी और फिर एलायंस काॅलोनी के सामने सड़क किनारे वाहन के इंतजार में खड़ीं महिलाओं को टक्कर मार दी। इससे गदरपुर निवासी मीनू, तानिया, पारुल, कविता, विसाखा और रोमंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मीनू को मृत घोषित कर दिया। तीन महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया।

वहीं मीनू की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद कोतवाल धीरेंद्र कुमार व ट्रांजिट कैंप के इंस्पेक्टर भारत सिंह मय पुलिस बल के दुर्घटनास्थल पहुंचे और बस को कब्जे में ले लिया है। चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि चालक नशे में था।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के, सीओ सिटी निहारिका तोमर के साथ अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। मृतका मीनू के देवर ने पुलिस को तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

मीनू एलायंस काॅलोनी में एक संभागीय अधिकारी के घर में काम करती थी। उसके साथ की अन्य घायल महिलाएं भी इसी कालोनी में घरों में काम करती हैं। उनके मिलनसार व्यवहार की वजह से एलायंस कालोनी के लोग अस्पताल पहुंच गए। मीनू की मौत पर दुख जाहिर किया। मीनू के तीन बच्चे हैं। पति की चार महीने पहले बीमारी की वजह से मौत हो गई थी।

सड़क दुर्घटना की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। जो अस्पताल में भर्ती है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती चालक को जेल भेजा जाएगा।

– मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी रुद्रपुर