रुद्रपुर : युवक पर सात बार चाकुओं से किया वार, अधमरा कर छोड़ा

रुद्रपुर। छह युवकों ने रंजिश के चलते एक युवक के पेट पर सात बार चाकुओं से वार कर दिया। युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार नामजद सहित छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ट्रांजिट कैंप निवासी रोहित ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई रजत 26 मार्च की रात नौ बजे अपनी मौसी के घर ठाकुरनगर ट्रांजिट कैंप जा रहा था। ठाकुरनगर में हरदेव मेडिकल के पास भाई को लक्खा, उसके भाई कुनाल, अनमोल, सरपंच और दो अन्य लोगों ने घेर लिया।

आरोपियों ने पुराने विवाद को लेकर भाई पर चाकू से जान लेवा हमला कर किया है। आरोपियों ने सात बार उसके भाई को चाकू मारा था। इससे भाई की सांस की नली और पेट की आंतें कट गई। इस दौरान आरोपियों ने तमंचा दिखाकर धमकाया भी था। कन्हैया, यश, कपिल, मनोज उसके भाई को बचाकर सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।

शहर के चार निजी अस्पतालों ने उसके भाई का इलाज करने से हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद उसके भाई को राममूर्ति अस्पताल भोजीपुरा में भर्ती कराया गया है, जहां भाई की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।