Viral: उस्ताद जाकिर हुसैन ने अपनी कला से जीता शिवभक्तों का दिल, तबले पर बजाया महादेव का डमरू और किया शंखनाद

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। यह वीडियो प्रसिद्ध भारतीय तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन का है। इस वीडियो में अपनी कला से लोगों का दिल जीत रहे हैं। इसमें उस्ताद जाकिर हुसैन भगवान शिव के डमरू को तबले पर कुशलतापूर्वक बजा रहे हैं और तबले से ही वह गणों के शंखनाद की ध्वनि उत्पन्न कर रहे हैं।

जाकिर हुसैन का अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स शेयर किया गया है। प्रियंका नाम की एक यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा है, दैवीय आशीर्वाद से तबले पर पूरी तरह से निपुणता।

जाकिर हुसैन की अद्भुत तबला प्रस्तुति की गूंज सोशल मीडिया पर दिख रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स अपनी भावनाएं प्रकट कर रहे हैं। लोगों ने उनको कुशल और कलात्मक बताया है और उनकी तारीफ की है। इसके साथ ही कुछ लोगों ने उनकी प्रतिभा को दैवीय वरदान बताया है।

एक यूजर का कहना है कि बिल्कुल मंत्रमुग्ध करने वाला, तो वहीं दूसरे शख्स ने भारतीय संस्कृति और संगीत में उस्ताद जाकिर हुसैन के योगदान पर गर्व व्यक्त किया। एक यूजर ने प्रेरणा देने वाला बताया है।

इस साल ‘66वें ग्रैमी अवार्ड्स’ में उस्ताद जाकिर हुसैन ने तीन पुरस्कार जीते। उन्होंने ग्रैमी अवार्ड्स में संगीत की दुनिया में एक वर्ल्ड आइकन के तौर पर अपनी स्थिति को और मजबूत किया। एक रात में तीन ग्रैमी पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय बनकर उन्होंने इतिहास रच दिया।