उधमसिंह नगर : कनाडा में फंसे शहीद भगत सिंह के प्रपौत्र लौटे घर

उधमसिंह नगर। करीब पांच साल से कनाडा में फंसे शहीद भगत सिंह के प्रपौत्र करनवीर सिंह संधू अपने गांव मड़ैया हट्टू लौट आए हैं। वह 2018 में पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे। दस्तावेज खो जाने के कारण कनाडा में फंस गए थे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के प्रयास से करनवीर संधू घर लौट आए हैं।

परिजनों के अनुसार अस्वस्थ होने के कारण करनवीर के सारे दस्तावेज खो गए थे। सालभर से परिवार से उनका संपर्क भी नहीं हो पाया। इस पर करनवीर के परिजनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा से संपर्क किया। जिलाध्यक्ष सुखीजा ने सांसद अजय भट्ट को मामले से अवगत कराया। रक्षा राज्य मंत्री भट्ट ने प्रयास पर मोदी सरकार ने कनाडा सरकार से संपर्क साधा। केंद्र सरकार ने इस मामले में पहल की और करनवीर संधू को सरकार के खर्चे पर भारत वापस लाया जा सका।