रुद्रपुर : पुत्रियां पैदा होने पर विवाहिता से मारपीट।

मीडिया ग्रुप, 01 मार्च, 2023

रूद्रपुर। विवाह पश्चात तीन पुत्रियों के जन्म होने से रोषित ससुरालियों द्वारा विवाहिता से मारपीट की गई। मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। दर्ज रिपोर्ट में खेडा निवासी महिला ने कहा है कि उसका विवाह 6 वर्ष पूर्व सोनू निवासी रेशमबाडी के साथ हुआ था।

सन्तान के रूप में उसकी 3 पुत्रियां है। उसका आरोप है विगत लगभग एक वर्ष से ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका जीवन निर्वाह करना दूभर कर दिया है। पति, सास, ननद, देवरानी, देवर, चाचा ससुर जाबिर बार बार उसे ताने देते कि तू लडकियां पैदा कर रही है और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते है।

26 फरवरी को उक्त लोगों ने मिल कर उसके साथ मारपीट की और घायल कर दिया। जिस पर वह अपनी बहिन के साथ पुलिस चौकी में शिकायत देने जा रही थी कि रास्ते में अग्रसेन अस्पताल के सामने उसके पति के परिवार वालों ने उसे मार मार कर घायल कर दिया।

आसपास के लोगों के पुलिस को सूचना देने पर उसकी जान बच गयी अन्यथा वह जान से ही मार देते। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।