मीडिया ग्रुप, 15 फरवरी, 2022
रुद्रपुर : विधानसभा चुनाव में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स मुस्तैद रही। यूपी से सटे बार्डर पर जहां यूपी पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से चेकिग की गई, वहीं जिले के हर बूथ पर क्यूआरटी की भी नजर रही। साथ ही सड़क सुनसान रही और वाहनों की आवाजाही भी कम रही।
विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक निपटाने के लिए जिले को चार सुपर जोन और 21 जोन में विभाजित किया गया था। इसके चलते सोमवार को सुबह से ही बूथों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस, पीएसी के साथ ही पैरामिलिट्री तैनात कर दी गई थी।
जिले के सभी थानों में गठित क्यूआरटी चौकी पुलिस के साथ मिलकर बूथों पर होने वाली हर हलचल पर नजर रखे हुए थे। उत्तर प्रदेश से सटे सभी 50 मार्गो के साथ ही 58 चोर रास्तों पर भी पुलिस और पैरामिलिट्री की तैनात रही।
बैरियर लगाकर यूपी पुलिस के साथ मिलकर जगह-जगह आने जाने वाले वाहनों की चेकिग कर संदिग्धों से पूछताछ की गई। मतदान के चलते सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम रही। सड़क सुनसान दिखाई दिए। डीआइजी/एसएसपी बरिदरजीत सिंह, एसपी सिटी ममता बोहरा जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
चुनाव में कानून व्यवस्था बनाने के लिए 14 राजपत्रित अधिकारी, 24 निरीक्षक, 132 उप निरीक्षक, आठ महिला उप निरीक्षक, 95 हेड कांस्टेबल, 1013 कांस्टेबल, 185 महिला कांस्टेबल, 2495 होमगार्ड और पीआरडी, 30 वन दारोगा और वन रक्षक, चार कंपनी पीएसी तथा 24 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स लगाई गई है।